सुपरएनुएशन का क्या अर्थ है?
सुपरएनुएशन, या ‘सुपर’, का अर्थ उस धनराशि से है जो आपके कार्यकाल के दौरान अलग से बचाई जाती है ताकि काम से रिटायर होने के बाद आप अपना खर्चा उठा सकें।
सुपर आपके लिए महत्वपूर्ण होता है, क्योंकि आप जितने अधिक पैसों की बचत करते/करती हैं, काम से रिटायर होने के बाद आपके पास उतने ही अधिक पैसे होते हैं।
आप केवल कुछ विशिष्ट परिस्थितियों में ही अपने सुपर से पैसे निकाल सकते/सकती हैं - उदाहरण के लिए, 60 वर्ष की आयु में काम से रिटायर हो जाने पर या 65 वर्ष की आयु होने पर, फिर भले ही आप अभी भी काम ही क्यों न कर रहे/रही हों।
मैं सुपर की बचत कैसे कर सकता/सकती हूँ?
अधिकाँश लोगों के लिए, उनके कार्य-नियोक्ता द्वारा उनके सुपर खाते में न्यूनतम राशि का भुगतान – ‘योगदान’ - किया जाता है। इसे 'सुपर गारंटी' कहा जाता है। वे आपके वेतन और मेहनताना के अतिरिक्त इन योगदानों का भुगतान करते हैं।
इस बारे में कानून मौजूद है कि आपके कार्य-नियोक्ता को कितने सुपर का भुगतान करने की आवश्यकता है। आपके कार्य-नियोक्ता को किसी एंटरप्राइज़ एग्रीमेंट या अवार्ड के तहत आपके लिए अतिरिक्त सुपर का भुगतान भी करना पड़ सकता है।
आपका कार्य-नियोक्ता आपके सुपर में योगदान करता है, बावजूद इसके कि आपको कितना वेतन दिया जाता है।
यह तब भी लागू होता है जब आप कैज़ुअल, पार्ट-टाइम या फुल-टाइम रूप से कार्यरत हैं, और यदि आप अस्थायी निवासी हैं। यदि आप प्रमुख रूप से श्रम के लिए भुगतान प्राप्त करने वाले ठेकेदार हैं, और आपके पास ऑस्ट्रेलियाई बिज़नेस नंबर (ABN) है, तो तब भी आप पात्र हो सकते/सकती हैं। यदि आपकी आयु 18 वर्ष से कम है, तो पात्र होने के लिए आपको एक सप्ताह में 30 घंटों से अधिक समय के लिए कार्य करने की जरूरत होगी।
मेरे सुपर में पैसे कैसे जमा किए जाते हैं?
आपके कार्य-नियोक्ता को वर्तमान सुपर गारंटी दर के अनुसार आपकी (अंग्रेजी में) क्वालिफाइंग आय (qualifying earnings) के आधार पर सुपर में न्यूनतम राशि का भुगतान करने की जरूरत है। उन्हें यह सुनिश्चित करना होगा कि यह पैसा आपके सुपर फंड में वेतन मिलने के 7 कार्यदिवसों के अंदर पहुँच जाए (यानी कि, जब क्वालिफाइंग आय (qualifying earnings ) का भुगतान हो जाता है)।
क्वालिफाइंग आय (qualifying earnings) आपके नियमित मेहनताना और अन्य आय को दर्शाती है जो सुपर गारंटी योगदान के लिए योग्य होती हैं।
आप अपने सुपर सेविंग्स में अपनी ओर से भी पैसे जमा कर सकते/सकती हैं, और कभी-कभार ऑस्ट्रेलियाई सरकार भी पैसे जमा करती है।
मैं अपने सुपर सेविंग्स की जाँच कैसे कर सकता/सकती हूँ?
अपने सुपर फंड में अपने टैक्स फाइल नंबर (TFN) की उपस्थिति सुनिश्चित करने से आपको अपने सुपर की जाँच करने, इसे दूसरे खातों में स्थानांतरित करने और अपने कार्य-नियोक्ता या सरकार की ओर से सुपर भुगतानों को प्राप्त करने में आसानी होगी।
आप उनके भेजे गए स्टेटमेंट को देखकर फंड में अपने TFN की उपस्थिति की जाँच कर सकते/सकती हैं।
myGov का उपयोग करके अपने सुपर पर नज़र रखें
आप myGov खाता बना सकते/सकती हैं और ATOको इसके साथ लिंक कर सकते/सकती हैं, ताकि आप ये सब चीज़ें कर सकें:
- अपने सभी सुपर खातों के विवरणों को देखना, इनमें वे खाते भी शामिल हैं जिनकी जाँच आप नहीं कर पाए/पाईं हैं या जिनके बारे में आप भूल गए/गई हैं
- YourSuper तुलनात्मक टूल (अंग्रेजी में) का उपयोग करते हुए अपने सुपर खातों के प्रदर्शन और फीस की तुलना अन्य MySuper प्रोडक्ट्स के साथ करना
- ATO के पास रखे हुए अपने सुपर की खोज करना। यदि सरकार, आपका सुपर फंड या आपका कार्य-नियोक्ता आपके सुपर को स्थानांतरित करने के लिए कोई खाता नहीं ढूंढ पाते हैं, तो हम इसे आपकी ओर से अपने पास संभाल कर रखते हैं
- अपने एक से अधिक सुपर खातों को इकट्ठा करते हुए अपने सुपर को अपने पसंदीदा सुपर खाते में स्थानांतरित करना - यदि यह फंड-टु-फंड स्थानांतरण है, तो यह आमतौर पर 3 कार्यदिवसों के अंदर पूरा कर दिया जाएगा।
अगले कदम:
- myGov खाताExternal Link बनाएँ या इसमें लॉग इन करें (अंग्रेजी में) और ATO से लिंक करें
- हमारी online services का उपयोग करें (अंग्रेजी में)
- myGov को ATO app के माध्यम से एक्सेस करें (अंग्रेजी में)
- अपने सुपर की समीक्षा करने के लिए इस जाँच-सूची का उपयोग करें (अंग्रेज़ी में)
यदि मेरा कार्य-नियोक्ता सही सुपर का भुगतान नहीं कर रहा है, तो क्या होगा?
अपने कार्य-नियोक्ता से बात करें। उनसे ये पूछें:
- वे कितनी बार आपके सुपर में भुगतान कर रहे हैं
- वे किस फंड में भुगतान कर रहे हैं
- वे कितना भुगतान कर रहे हैं।
यह पुष्टि करने के लिए कि यदि आपके कार्य-नियोक्ता द्वारा आपके सुपर का भुगतान किया गया है या नहीं, अपने सुपर फंड की ओर से प्रदान की गई अंतिम मेंबर स्टेटमेंट देखें या फंड से संपर्क करें।
यदि फिर भी आपको ऐसा महसूस होता है कि आपका कार्य-नियोक्ता आपके अधिकारों के अनुसार सुपर का भुगतान नहीं कर रहा है, तो आप:
- अपने कार्य-नियोक्ता से न मिलने वाले सुपर भुगतान के बारे में रिपोर्ट कर सकते/सकती हैं (अंग्रेज़ी में)
- हमें 13 10 20 पर फोन कर सकते/सकती हैं।
मैं सुपर फंड का चयन कैसे कर सकता/सकती हूँ?
अधिकांश लोग अपने सुपर फंड का चयन कर सकते हैं जिसमें वे अपने योगदानों का भुगतान किया जाना चाहते हैं। यदि आप पात्र हैं, तो आपका कार्य-नियोक्ता आपको सुपरएनुएशन मानक विकल्प फॉर्म (अंग्रेज़ी में) देगा ताकि आप लिखित रूप से अपने विकल्प का चयन कर सकें, यह फॉर्म उन्हें जिस दिन से आपने उनके लिए काम करना शुरू किया था, उस दिन से 28 दिनों के अंदर देने की आवश्यकता है।
YourSuper तुलनात्मक टूल (अंग्रेज़ी में) से आपको MySuper प्रोडक्ट्स की तुलना करने और अपनी आवश्यकताओं को पूरा करने वाले सुपर फंड का चयन करने में मदद मिलेगी।
यदि आप स्वयं सुपर फंड का चयन नहीं करते/करती हैं, तो आपका कार्य-नियोक्ता आपके मौजूदा सुपर फंड (जिसे स्टेपल्ड सुपर फंड (stapled super fund) कहा जाता है) (अंग्रेज़ी में) में भुगतान कर देता है।
स्टेपल्ड सुपर फंड (stapled super fund) किसी कर्मचारी-विशेष से लिंक, या 'स्टेपल' किया गया मौजूदा सुपर खाता होता है, जो उनके नौकरी बदलने पर भी उनके साथ ही रहता है।
यदि आपके पास कोई स्टेपल्ड सुपर फंड (stapled super fund) नहीं है, तो आपका कार्य-नियोक्ता अपने चुने हुए नॉमिनेटेड सुपर फंड में आपके सुपर का भुगतान करता है।
यदि आप अपने योगदानों का भुगतान किसी मौजूदा सुपर खाते में करवाना चाहते/चाहती हैं, लेकिन आपको अपने सुपर फंड खाते के विवरण याद नहीं हैं, तो आप अपने सभी सुपर खातों को देखने के लिए myGov का उपयोग कर सकते/सकती हैं।
आप किसी भी समय अपने सुपर के साथ जुड़ने के लिए कदम उठा सकते/सकती हैं। अपने सुपर फंड का चयन स्वयं करें और उसके साथ नियमित रूप से संलगित रहें, क्योंकि जो विकल्प आप आज चुनते हैं, वे भविष्य में आपकी जीवनशैली के विकल्पों को बनाने में सहायक होंगे।
मैं अपने सुपर को कैसे बढ़ा सकता/सकती हूँ?
अपने कार्य-नियोक्ता द्वारा भुगतान किए जाने वाले योगदानों के साथ ही आप स्वयं भी अपना योगदान जमा करके अपने सुपर को बढ़ा सकते/सकती हैं। आप अपनी टैक्स से पहले की आय से सुपर के लिए 'वेतन त्याग' कर सकते/सकती हैं या टैक्स के बाद की आय से सुपर में योगदान जमा कर सकते/सकती हैं।
प्रत्येक वित्तीय वर्ष में आप अपने सुपर में अतिरिक्त टैक्स का भुगतान किए बिना जितनी धनराशि का योगदान कर सकते/सकती हैं, उस पर 'कैप्स' नामक सीमाएँ लागू होती हैं। यदि आप इन कैप्स से अधिक धनराशि का योगदान करते/करती हैं, तो आपको अतिरिक्त टैक्स का भुगतान करना पड़ सकता है (अंग्रेजी में)। यदि आप अपने सुपर (जिसमें कार्य-नियोक्ता के योगदान भी शामिल हैं) में कंसेशनल कंट्रीब्यूशन कैप (अंग्रेजी में) से अधिक की धनराशि का योगदान करने की योजना बना रहे/रही हैं, तो पेशेवर सलाह लें।
सरकार द्वारा सुपर योगदान
यदि आप निम्न-आय या मध्यम आय वाले हैं, तो आप ऑस्ट्रेलिया सरकार की ओर से सुपर योगदान (अंग्रेजी में) के लिए पात्र हो सकते/सकती हैं।
अपना टैक्स रिटर्न भरें ताकि हम इस बात की जाँच कर सकें कि यदि आप $500 तक के सुपर सह-योगदान भुगतान के लिए पात्र हैं या नहीं। आपके लिए रिटर्न भरना महत्वपूर्ण है, फिर चाहे आपको ऐसा ही महसूस क्यों न हो कि आपको रिफंड नहीं मिलेगा। आपको सुपर सह-योगदान के लिए आवेदन करने की आवश्यकता नहीं है।
मैं अपने सुपर सेविंग्स को कैसे प्राप्त कर सकता/सकती हूँ?
आमतौर पर, काम से रिटायर होने के बाद आप अपनी सुपर की धनराशि प्राप्त कर सकते/सकती हैं। लेकिन कुछ विशिष्ट परिस्थितियों जैसे कि गंभीर आर्थिक कठिनाई और विशिष्ट चिकित्सा स्थितियों में आप अपने सुपर सेविंग्स को समयपूर्व भी प्राप्त कर सकते/सकती हैं।
यदि वास्तविक रूप से आपको अपने संरक्षित सुपर में से कुछ धनराशि समयपूर्व चाहिए, तो आवेदन करने से पहले अपने सुपर फंड से पूछें कि क्या आप इसे प्राप्त कर पाएँगे या नहीं।
ऑस्ट्रेलिया छोड़कर जाने वाले अस्थायी निवासी
यदि आप ऑस्ट्रेलिया में कार्य करने वाले अस्थायी निवासी हैं और आप सुपर के लिए पात्र हैं, तो आपके कार्य-नियोक्ता को आपके लिए सुपर गारंटी योगदान करना होगा। जब आप ऑस्ट्रेलिया छोड़कर चले जाते/जाती हैं, तो आपको आपके सुपर की धनराशि का भुगतान किया जा सकता है। इस भुगतान को प्रस्थान ऑस्ट्रेलिया सुपर भुगतान (DASP) कहा जाता है।
न्यूज़ीलैंड के नागरिक और ऑस्ट्रेलिया के स्थायी निवासी इस भुगतान के लिए पात्र नहीं हैं।
अपनी पात्रता के बारे में जानने के लिए, और DASP के लिए ऑनलाइन आवेदन जमा करने या पेपर आवेदनपत्र फॉर्म को डाउनलोड करने के लिए, अस्थायी निवासी और सुपर पर जाएँ (अंग्रेज़ी में)।
विदेशों से सुपर की धनराशि
यदि आप विदेशों से अपने पैसे या पेंशन फंड ला रहे/रही हैं, तो आपको कुछ विशिष्ट कर नियमों के बारे में जानने की आवश्यकता हो सकती है। अपने वित्तीय सलाहकार या प्रवासन एजेंट से बात करें।
क्या मुझे अपने सुपर को समयपूर्व प्राप्त करने के प्रस्तावों से सावधान रहना चाहिए?
काम से रिटायर होने से पहले ही अपनी सुपर सेविंग्स को समयपूर्व प्राप्त करने के प्रस्तावों से सावधान रहें। ऐसी योजनाएँ जो आपको अपने ऋण का भुगतान करने, घर या कार खरीदने, या यहाँ तक कि छुट्टियों पर जाने जैसे कारणों के लिए अपनी सुपर सेविंग्स को समयपूर्व प्राप्त करने की सलाह देती हैं, वे गैर-कानूनी होती हैं और यदि आप इनमें शामिल होते हैं तो आपको भारी दंड का भुगतान करना पड़ सकता है।
उदाहरण: फिल एक जाल में फंसने से बचता है
मैं पिछले कुछ महीनों से कार खरीदने के लिए पैसे बचा रहा हूँ। मेरे एक सहकर्मी ने मुझे अपने मित्र के बारे में बताया, जो कार के भुगतान में सहायता के लिए मुझे मेरी सुपर धनराशि में से कुछ पैसे निकालने में मदद कर सकता है।
सौभाग्यवश, मैंने ATO की वेबसाइट देखी और मुझे यह पता चला कि ऐसा करना गैर-कानूनी था। जितने पैसे मैं निकालता, उन पर 45% टैक्स लगता। मुझे जुर्माने का भुगतान भी करना पड़ता और संभावित रूप से जेल भी जाना पड़ता – जोकि बहुत ही महंगी गलती हो सकती थी।
End of exampleयह जानकारी अन्य भाषाओं में भी उपलब्ध है।
और अधिक जानकारी
यदि आप सुपर के बारे में और अधिक जानना चाहते/चाहती हैं, तो ato.gov.au/individuals/super (अंग्रेज़ी में) पर जाएँ या हमें 13 10 20 पर फ़ोन करें।
यदि आप अच्छे से अंग्रेज़ी नहीं बोल पाते/पाती हैं और किसी कर अधिकारी से बात करना चाहते/चाहती हैं, तो अपनी कॉल में सहायता के लिए अनुवाद और दुभाषिया सेवा (TIS National) को 13 14 50 पर फोन करें।